यूपी की तर्ज पर दिल्ली नगर निगम चुनावों के लिए बीजेपी ने जारी किया संकल्प पत्र 

दिल्ली

पिछले दस साल से दिल्ली नगर निगम में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी इस बार हर हाल में जीत की हैट्रिक लगाना चाहती है । इसके लिए रविवार को दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी ने प्रदेश के सांसदो,  केन्द्रीय मंत्री हर्षवर्धन,  विजय गोयल और स्थानीय नेताओं की मौजूदगी में यूपी विधानसभा चुनाव की तर्ज पर दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए भी संकल्प पत्र जारी किया है। मनोज तिवारी ने दावा किया कि दिल्ली के लोगों के बीच जाकर उनकी परेशानियों को जानने के बाद यह संकल्प पत्र तैयार किया गया है।

दिल्ली में संकल्प पत्र जारी करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दिल्ली को विश्वस्तरीय बनाने का वादा किया है। मनोज तिवारी ने कहा कि भाजपा निगम में वापस आई तो कोई नया टैक्स नहीं लगाया जाएगा। इसी के साथ यह भी दावा किया गया कि सभी वर्गों को ध्यान में रखकर संकल्प पत्र बनाया गया है।

संकल्प पत्र में क्या है खास —

1. नगर निगम के कामकाज में पारदर्शिता लाने के लिए मॉनिटरिंग की व्यवस्था की जाएगी और साथ ही नगर निगम में ऑनलाइन को बढ़ावा दिया जाएगा।

2. निगम को फंड तुरंत मिले इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

3. यूपी की तर्ज पर दिल्ली में दीनदयाल अंत्योदय योजना के तहत 10 रुपये में भोजन मिलेगा।

4. प्रत्येक संपति को अलग विशेष नंबर दिया जाएगा।

5. लाइसेंस जारी करने के सिंगल विंडो अपनाया जाएगा।

6 आधुनिक मशीन से सफाई, बाजारों की रात में सफाई, बाजारों में आधुनिक शौचालय की व्यवस्था की जायेगी ।

7. सफाई कर्मचारियों को निशुल्क जीवन बीमा और कैशलेस स्वास्थ्य बीमा। अस्थायी सफाई कर्मचारियों को नियमित करने का वादा।

8. रेहड़ी पटरी वालों का पक्का रजिस्ट्रेशन।

9. बुजुर्गों, विधवा और दिव्यांग पेंशन में बढ़ोतरी के लिए नियमित समीक्षा।

10. लघु उद्योग को लाइसेंस से मुक्त करेंगे

11. ऑटो रिक्शा के लिए स्टैंड बनाने का वादा। स्टैंड पर पानी और शौचालय की व्यवस्था।

12. अनधिकृत कालोनियों को नियमित करने के लिए राज्य सरकार पर दबाव बनाएंगे।

13. 500 वर्गमीटर के प्लाट पर नक्शा पास कराने की अनिवार्यता खत्म की जाएगी।

14. छठ घाटों की संख्या बढ़ाने के साथ ही सफाई की व्यवस्था की जाएगी।

इसे भी पढ़ें :  एक देश, एक टैक्स का सपना होने वाला है साकार- लोकसभा ने पास किये GST से जुड़े चारों बिल