जापान को हरा कर भारतीय लड़कियों ने जीता एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी का खिताब

जापान को एकतरफा मुकाबले में हरा कर भारतीय लड़कियों ने एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी का खिताब जीत लिया है। रांची में हुए फाइनल मैच में मेजबान भारत ने पूर्व विजेता जापान को 4-0 के बड़े अंतर से हरा कर एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया है।

भारत की तरफ से संगीता कुमारी, नेहा, लारेम सियामी और वंदना कटारिया ने एक-एक गोल किए। भारत के लिए संगीता कुमारी ने 17वें मिनट पर, नेहा ने 46वें मिनट पर , लारेम सियामी ने 57वें मिनट पर और वंदना कटारिया ने 60वें मिनट पर ने गोल दाग कर भारतीय टीम की बड़ी जीत की कहानी लिखी। संगीता और वंदना ने मैदानी गोल दागे जबकि नेहा और लारेम सियामी ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किए।

जापान की कोबायाकावा शिहो ने 22वें मिनट पर जापान के लिए गोल किया था लेकिन वीडियो रेफरल के बाद उनके इस गोल को खारिज कर दिया गया। जापान को 52वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक भी मिला था लेकिन काना उराता के शॉट को भारतीय गोलकीपर सविता पूनिया ने रोक दिया।

झारखंड की सलीमा टेटे को प्‍लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया । इससे पहले तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में कल चीन ने दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराया।

भारतीय महिला हॉकी टीम ने इससे पहले वर्ष 2016 में सिंगापुर में एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी जीती थी। इस शानदार प्रदर्शन के हॉकी इंडिया ने एशियन चैंपियन्स ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को तीन-तीन लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। इसके अलावा हर एक सहयोगी कर्मचारी को डेढ लाख रुपए दिए जाएंगे।

इसे भी पढ़ें :  डी कॉक फिट, तीसरे टेस्ट में खेलेंगे

Positive Khabar की तरफ से भी टीम इंडिया को ढेर सारी बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी। इसी तरह जीतती रहो और तिरंगे के सम्मान को बढ़ाती रहो।