ब्राह्मणों के सम्मेलन में बोले राज्यपाल कलराज मिश्र – ब्राह्मण सिर्फ समाज भर ही नहीं है बल्कि भारतीय संस्कृति है

ब्राह्मण क्या है ? ब्राह्मणों ने अब तक देश के लिए, मानव जाति के लिए, इस समाज के लिए क्या-क्या किया है ? और ब्राह्मण आने वाले दिनों में क्या-क्या कर सकते हैं और क्या-क्या करना चाहिए । इन तमाम मुद्दों पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और वर्तमान में राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र खुल कर बोले।

कलराज मिश्र ने कहा कि ब्राह्मण समाज भर ही नहीं है बल्कि भारतीय संस्कृति है। भारत के सामाजिक बदलाव के इतिहास में ब्राह्मणों ने सदा ही मनुष्यता का पाठ पढ़ाते हुए जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान की है।

मिश्र ने आगे कहा कि मानव जाति के कल्याण की सोच रखते हुए ब्राह्मण समाज ने ईश्वरीय ज्ञान को बगैर किसी भेद भाव के सभी को सुलभ कराने का कार्य किया है।

उन्होंने ब्राह्मण समाज से आह्वान करते हुए कहा कि ब्राह्मण बदलते समय सन्दर्भों को ध्यान में रखते हुए सामाजिक बुराईयों और कुरूतियों से दूर रहते समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।

ब्राह्मण समाज ऑफ इंडिया द्वारा ” नारी शक्ति ” विषय पर आयोजित ऑनलाइन अंतराष्ट्रीय स्नेह मिलन कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए राज्यपाल मिश्र ने ये बातें कहीं।

अपने संबोधन के दौरान महिला सशक्तिकरण को आवश्यक बताते हुए उन्होंने समाज में नारी उत्थान के लिए भी मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

इसे भी पढ़ें :  सचिन तेंदुलकर फिर से बल्ले के साथ उतरेंगे मैदान में,लेकिन क्यों ?