ये धोनी है – हार के बावजूद रिकॉर्ड ही बनाता है….

आईपीएल के खिताबी मुकाबले में हारने के बावजूद महेन्द्र सिंह धोनी ने एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी रविवार को आईपीएल के इतिहास में सबसे सफल विकेटकीपर बन गये। धोनी के आईपीएल में कुल शिकार की संख्या 132 पहुंच गयी है और इस तरह से उन्होंने दिनेश कार्तिक को पीछे छोड़ा है। धोनी ने मुंबई इंडियन्स के खिलाफ आईपीएल फाइनल में दो कैच लिये। उनके नाम पर अब 94 कैच और 38 स्टंप आउट शामिल हैं।

धोनी ने दीपक चाहर की गेंद पर रोहित शर्मा का कैच लेकर यह उपलब्धि हासिल की। इससे पहले उन्होंने शार्दुल ठाकुर की गेंद पर क्विंटन डिकाक का कैच लिया था। कार्तिक के नाम पर 131 शिकार दर्ज हैं जबकि रोबिन उथप्पा ने 90 शिकार किये हैं।

मुंबई इंडियंस ने घातक गेंदबाजी के दम पर रोंगटे खड़े कर देने वाले आईपीएल के 12वें सीजन के फाइनल मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 1 रन से हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया है।  हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम ने 8 विकेट खोकर 149 रन बनाए । जवाब में चेन्नई 148 रन ही बना सकी । इसी के साथ ही मुंबई 4 बार आईपीएल का खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई है।

इसे भी पढ़ें :  भुवनेश्वर-धवन को मिल गई छुट्टी, श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में नहीं खेलेंगे