मोदी के खिलाफ प्रियंका गांधी नहीं लड़ेंगी लोकसभा चुनाव

वाराणसी लोकसभा सीट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा चुनाव नहीं लड़ेंगी। उनके मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने की अटकलों पर वीरवार को उस समय विराम लग गया जब पार्टी ने अजय राय को इस सीट से उम्मीदवार घोषित कर दिया।

पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के मुताबिक, वाराणसी से अजय राय और गोरखपुर से मधुसूदन तिवारी को उम्मीदवार बनाया गया है। पिछले कई हफ्ते से यह अटकलें चल रही थीं कि प्रियंका वाराणसी से मोदी को चुनौती दे सकती हैं। पार्टी और खुद प्रियंका की तरफ से ऐसे संकेत मिले थे जिनसे इस अटकल को और बल मिला था। बाबा विश्वनाथ के दरबार में जाकर प्रियंका गांधी ने इस तरह की खबरों को औरबढ़ावा दे दिया था लेकिन आखिरकार कांग्रेस ने 2014 लोकसभा चुनाव के अपने उम्मीदवार को फिर से दोहराना ही ठीक समझा।

आपको बता दे कि अजय राय ने 2014 में भी मोदी के खिलाफ वाराणसी से चुनाव लड़ा था लेकिन वह तीसरे स्थान पर रहे थे।

वाराणसी लोकसभा क्षेत्र का इतिहास 

1952 से 1962 तक तीन लोकसभा चुनावों में यहां से कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत हासिल की, जबकि 1967 के चुनाव में भाकपा ने पहली और आखिरी बार अपना नाम यहां से दर्ज कराया। 1971 में एक बार फिर कांग्रेस को यहां से विजय हासिल हुई, लेकिन 1977 में जनता लहर के दौरान कांग्रेस हारी और चंद्रशेखर ने परचम लहराया।1980 में एक बार फिर कांग्रेस लौटी और 1984 में भी जीती। 1989 में जनता दल से अनिल कुमार शास्त्री जीते। इसके बाद चार चुनावों में भाजपा ने परचम लहराया। एक बार शिरीष चंद्र दीक्षित, तीन बार शंकर प्रसाद जायसवाल को जीत मिली। 2004 में कांग्रेस ने वापसी की और राजेश मिश्रा सांसद बने। 2009 में बीजेपी ने फिर सीट अपने कब्जे में की और डॉ. मुरली मनोहर जोशी सांसद बने

इसे भी पढ़ें :  हनुमान बेनीवाल और चंद्रशेखर मिलकर राजस्थान में लड़ेंगे सभी 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव