रामायण ने तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड, मोदी के मंत्री ने किसको कहा – धन्यवाद

रामायण के पुनःप्रसारण ने एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। जब से रामानंद सागर द्वारा निर्मित रामायण का पुनःप्रसारण शुरू हुआ है, तबसे ही यह न केवल सोशल मीडिया पर ट्रेंड हो रहा है बल्कि साथ ही टीवी की दुनिया में भी इसने नया रिकॉर्ड बना दिया है।

अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया स्टारर रामानंद सागर द्वारा निर्मित रामायण के दूरदर्शन पर पुनःप्रसारण ने टीआरपी की दुनिया में नया इतिहास रच दिया है। रामायण ने अमेरिका के सबसे लोकप्रिय शो गेम ऑफ थ्रोन्स को भी पीछे छोड़ दिया है।

रामायण के शो को इस दौर की युवा पीढ़ी ने भी काफी पसंद किया है। रामायण के इस रिकॉर्ड से एक बार फिर से यह साबित हो गया है कि राम भारत की आत्मा में बसे हुए है और हर दौर का व्यक्ति राम को पसंद करता है, मर्यादा पुरुषोत्तम राम को नमन करता है।

प्रकाश जावड़ेकर ने प्रेम सागर को कहा – धन्यवाद

मोदी के मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने रामानंद सागर के पुत्र प्रेम सागर को रामायण सीरियल को पुनःप्रसारण के लिए देने के लिए धन्यवाद कहा है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने प्रेम सागर को फोन करके और पत्र लिखकर धन्यवाद कहा है।

प्रकाश जावड़ेकर का लिखा पत्र

प्रेम सागर को लिखे पत्र में प्रकाश जावड़ेकर ने रामायण सीरियल की सामग्री दूरदर्शन को उपलब्ध कराने के लिए दिल की गहराई से धन्यवाद कहा है। उन्होंने आगे लिखा,

” रामायण के पुनःप्रसारण से बुजुर्गों ने अपनी पुरानी यादों को ताजा किया, वहीं नई पीढ़ी ने पहली बार रामायण का आनंद लिया। 16 अप्रैल, 2020 को 7 करोड़ 70 लाख लोगों ने इसे देखा और पसंद किया। सभी कलाकार, लेखक, निर्माता, दिग्दर्शक, सभी सह कलाकार, संगीतकार एवं इससे जुड़े सभी लोगों को दूरदर्शन की तरफ से धन्यवाद।”

लॉकडाउन के दौर में देश को जनता के एक बड़े वर्ग ने सरकार से मांग की थी कि रामायण और महाभारत जैसे ऐतिहासिक सीरियल का पुनःप्रसारण किया जाए ताकि देश की वर्तमान पीढ़ी भी इस गौरवशाली इतिहास से भली-भांति परिचित हो सके।

इसे भी पढ़ें :  नवरात्रि और 21 दिनों के राष्ट्रीय लॉकडाउन का पहला दिन, बोले पीएम मोदी- करूंगा प्रार्थना

इसके बाद सरकार सक्रिय हुई। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने ही ट्वीट कर लोगों को रामायण के पुनःप्रसारण की जानकारी दी थी।