शुक्रवार से धरने पर क्यों बैठे हुए हैं पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी ?

पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी शुक्रवार से अपनी सरकार के मंत्रियों और गठबंधन के नेताओं के साथ धरने पर बैठे हुए हैं। धरने की तस्वीर देख कर आपको अंदाजा तो हो ही गया होगा कि मुख्यमंत्री धरने पर क्यों बैठे हुए हैं। आइए आपको पूरी खबर बताते हैं।

दरअसल , पूर्व केंद्रीय मंत्री , कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और वर्तमान में पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी प्रदेश के उपराज्यपाल किरण बेदी के व्यवहार से काफी खफा है और इसलिए उन्होंने उपराज्यपाल के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।

पुडुचेरी में Go Back Kiran Bedi की तख्तियां हाथ में लेकर राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस के नेतृत्व वाले सेक्युलर डेमोक्रेटिक अलायंस- SDA के नेता शुक्रवार से ही उपराज्यपाल के खिलाफ धरने पर बैठे हुए हैं। किरण बेदी के खिलाफ धरने पर बैठे हुए मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी समेत तमाम नेता केंद्र सरकार से किरण बेदी को हटाने की मांग कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री लगा रहे हैं उपराज्यपाल पर आरोप

दरअसल, पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी उपराज्यपाल पर आरोप लगाते हुए कह रहे हैं कि किरण बेदी संवैधानिक सरकार को काम करने नहीं दे रही हैं और केंद्र सरकार के इशारे पर उनके काम में जानबूझकर बाधा पैदा कर रही हैं, उन्होंने अपने पद का गलत इस्तेमाल किया है इसलिए उनको इस पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।

मुझे बदनाम कर रही हैं किरण बेदी – नारायणसामी

शुक्रवार से उपराज्यपाल बेदी के आधिकारिक निवास- राजनिवास पर अपने नेताओं के साथ धरने पर बैठे पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी ने उपराज्यपाल पर निशाना साधते हुए कहा, ” किरण बेदी उनकी छवि को खराब कर रही हैं, उन्होंने मेरे और मेरे नजदीकियों पर जमीन हथिया लेने के आरोप लगाए हैं। ये बेबुनियाद हैं, अगर इसका सबूत है तो वो पेश करें मैं तुरंत सीएम पद से इस्तीफा देने को तैयार हूं। लेकिन अगर मैं सही साबित हुआ तो क्या वो अपना पद छोड़ देंगी।”

इसे भी पढ़ें :  पहले चरण का मतदान – सबसे कम बिहार तो सबसे ज्यादा पश्चिम बंगाल में हुआ मतदान

उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री के बीच लंबे समय से जारी है तनाव

आपको बता दें कि केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के उपराज्यपाल किरण बेदी और मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ है। अपनी सक्रियता के लिए मशहूर रिटायर्ड IPS अधिकारी किरण बेदी सीधे अधिकारियों, कर्मचारियों और जनता के साथ संवाद करती रहती हैं। लेकिन उनके कामकाज के रवैये से खफा मुख्यमंत्री उन पर अधिकारियों को डराने-धमकाने और काम ना करने देने के आरोप लगाते रहते हैं।

कोर्ट में लगाई गुहार- राष्ट्रपति से भी की मांग

मुख्यमंत्री नारायणसामी उपराज्यपाल किरण बेदी के खिलाफ कोर्ट से भी गुहार लगा चुके हैं । हाल ही में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी उपराज्यपाल बेदी को तुरंत वापस बुलाने की मांग भी की थी। सीएम ने आरोप लगाया कि किरण बेदी उनके मंत्रिमंडल के विभिन्न कल्याणकारी उपायों और फैसलों को लागू करने में ‘बाधा’ डाल रही हैं। वह मनमाने ढंग से काम कर रही हैं और एक समानांतर सरकार चलाने की कोशिश कर रही हैं इसलिए उन्हें तत्काल प्रभाव से वापस बुलाया जाए।