2021 की पहली विदेश यात्रा में कहां जा रहे हैं भारत के विदेश मंत्री

हाल के कुछ वर्षों में भारत ने आक्रामक कूटनीति का परिचय दिया है। एक तरफ जहां भारत दुनिया की महाशक्तियों से नजदीकी संबंध बना रहा है तो वहीं दूसरी तरफ अपने पड़ोसी देशों के साथ भी मधुर संबंधों की नई गाथा लिख रहा है।

2021 में भी भारत अपनी इसी नीति और अमल करने जा रहा है। भारतीय विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर नए साल की पहली विदेश यात्रा पर मंगलवार 5 जनवरी को रवाना हो रहे हैं। विदेश मंत्री ने 2021 की पहली विदेश यात्रा के लिए पड़ोसी देश श्रीलंका को चुना है।

 

 

डॉ एस जयशंकर अपने समकक्ष श्रीलंका के विदेश मंत्री दिनेश गनवार्डन के निमंत्रण पर 5 जनवरी से 7 जनवरी के बीच श्रीलंका की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस यात्रा के दौरान भारतीय विदेश मंत्री अपने समकक्ष श्रीलंकाई विदेश मंत्री के साथ-साथ वहां के राष्ट्रपति गोटभया राजपक्षे और प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे से भी मुलाकात करेंगे।

विदेश मंत्री की इस आधिकारिक यात्रा के दौरान कई द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर दोनों देशों के बीच गहन चर्चा होगी। बताया जा रहा है कि एस जयशंकर अपनी यात्रा के दौरान भारतीय मछुआरों की रिहाई के मुद्दा उठा सकते हैं जिन्हें पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था।

साल 2021 में भारतीय विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर का यह पहला विदेशी दौर होगा। यह यात्रा इस बात का प्रतीक है कि दोनों ही देश आपसी सम्बंधों को मजबूत करने के प्रति कितने गंभीर है।

 

इसे भी पढ़ें :  भारतीय पर्यटन उद्योग पर चौतरफा मार, भारत सरकार से मदद की गुहार