ऑपरेशन सिंदूर के बाद आज जम्मू जाएंगे अमित शाह- अमरनाथ यात्रा की तैयारियों और सुरक्षा पर विशेष बैठक

File Photo

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू के अपने दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार शाम को जम्मू पहुंचेंगे। भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह जम्मू कश्मीर की शाह की पहली यात्रा होगी।

बताया जा रहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री आज शाम को ही पांच बजे के लगभग जम्मू एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। वह आज शाम को ही सुरक्षा एजेंसियों के साथ सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा बैठक करेंगे।

शाह की अध्यक्षता में होने वाली इस उच्चस्तरीय बैठक में जम्मू कश्मीर में सुरक्षा के लिए प्राथमिक तौर पर उत्तरदायी जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, राज्य के मुख्य सचिव एवं डीजीपी के अलावा सेना, सीआरपीएफ, बीएसएफ सहित खुफिया एजेंसियों के कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। बैठक में ऑपरेशन सिंदूर के बाद मौजूदा हालात, किश्तवाड़ में आतंकी हमले के साथ-साथ अमरनाथ यात्रा के सुरक्षा इंतजामों पर भी विस्तार से चर्चा होगी।

दरअसल, जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद अब सरकार के लिए सुरक्षित अमरनाथ यात्रा करवाना एक बड़ी चुनौती बन गया है। पाकिस्तान के नापाक इरादों पर कोई भरोसा नहीं किया जा सकता है इसलिए सरकार अब हर कीमत पर अमरनाथ तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करना चाहती है।

तीन जुलाई से नौ अगस्त तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिहाज से शाह का यह जम्मू दौरा बहुत ही महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्योंकि पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों की हत्या करने वाले आतंकवादी अभी तक पकड़े नहीं गए है। यह माना जा रहा है कि राज्य के कई इलाकों खासकर- डोडा, किश्तवाड़, कठुआ, उधमपुर, राजोरी और पूंछ के ऊपरी इलाकों में आतंकवादी छिपे हुए हैं जो सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा बलों के लिए बड़ी चुनौती है।

इसे भी पढ़ें :  Good Governance Index में तमिलनाडु , हिमाचल और पुडुचेरी ने किया टॉप

अपने दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को अमित शाह पूंछ जाएंगे। जहां वे पाकिस्तान की गोलीबारी से प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे। गृह मंत्री उस गुरुद्वारे में भी जाएंगे,जिसे पाकिस्तान ने अपना निशाना बनाया था।