भारत है आतंकवाद का शिकार – अमेरिकी राष्ट्रपति ने बिना नाम लिये पाक पर साधा निशाना

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप  ने अरब-इस्लामिक-अमेरिका शिखर सम्मेलन में अपने भाषण के दौरान माना कि भारत आतंकवाद का शिकार है। उन्होंने अन्य देशों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि वे आतंकवादी समूहों को अपनी जमीन पर पनाह न दें। वहीं, ट्रंप ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा कि हर देश सुनिश्चित करे कि आतंकवादी उसकी जमीन पर पनाह न ले सकें।

इसके अलावा उन्होंने मुस्लिम देशों से सभी तरह के इस्लामिक आतंकवाद से मुकाबला करने का आह्वान किया। रविवार को सऊदी अरब में ट्रंप ने अपने भाषण में जोर देकर कहा कि मुस्लिम देशों को इस्लामिक कट्टरता के संकट के खिलाफ आगे आना चाहिए।

उन्होंने आग्रह करते हुए कहा कि मुस्लिम देश धर्म के नाम पर निर्दोष लोगों की हत्या के खिलाफ लड़ाई में अमेरिका का मजबूती से साथ दें।

ट्रंप ने कहा कि यह विभिन्न धर्मों, विभिन्न संप्रदायों या विभिन्न सभ्यताओं के बीच लड़ाई नहीं है। उन्होंने कहा, ‘यह बर्बर अपराधियों के खिलाफ लड़ाई है जो धर्म के नाम पर मानव जीवन और सभ्य लोगों को मिटाना चाहते हैं। यह लड़ाई अच्छे और बुरे की है।’ ट्रंप ने साथ ही मुस्लिम देशों से ईरान को अलग-थलग करने का भी आह्वान किया।

 

इसे भी पढ़ें :  PM Modi spoke with UK PM Sunak- discuss Israel Hamas conflict , FTA Progress