राष्ट्रपति कोविंद और उप राष्ट्रपति नायडू ने क्रिसमस की पूर्व संध्या पर लोगों को दी बधाई

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने क्रिसमस की पूर्व संध्या पर लोगों को बधाई दी है.

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने संदेश में लोगों से जीसस क्राइस के जीवन से मानवता , प्रेम , बंधुता की शिक्षा लेकर उसपर चलने को कहा. अपने शुभकामना संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘खुशी के त्यौहार क्रिसमस पर, मैं भारत और विदेश में रहने वाले लोगों, खासतौर से अपने ईसाई भाईयों और बहनों को शुभकामनाएं देता हूँ।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘हम ईसा मसीह का जन्मदिन मनाते हैं जिनका जीवन मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा, जिनका जीवन हमें प्रेम, करुणा और भाईचारे का संदेश देता है। आज जब दुनिया संघर्ष, नफरत और हिंसा से उत्पीड़ित है, उनके विचारों और कर्मों में जख्मों को भरने और रास्ता दिखाने की ताकत है। आइए आज हम उनके दिखाए रास्ते पर चलें और अधिक दयालु और समतावादी समाज का निर्माण करें।’’

उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने भी क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईसा मसीह की कहानी सत्य, प्रेम और आशा की है और ईसा सभी को मानवता का पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमें वंचितों के प्रति सछ्वावपूर्ण व्यवहार करना चाहिए और शांति, सहिष्णुता और सवच्छभावना के आधार पर बेहतर विश्व बनाना चाहिए।’’

क्रिसमस के इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में मंगल की कामना की।

इसे भी पढ़ें :  कोरोना- CRPF जवानों ने दिया 33 करोड़ 81 लाख रुपये