पति राष्ट्रपति और पत्नी उप-राष्ट्रपति !

भारत में राष्ट्रपति पद के चुनाव को लेकर गहमा-गहमी जारी है । इस पद के लिए नामांकन शुरू हो चुका है । लेकिन देश की दो बड़ी पार्टियां – बीजेपी और कांग्रेस अभी तक उम्मीदवार को लेकर माथापच्ची कर रहे है । बीजेपी ने जहां इसके लिए तीन वरिष्ठ मंत्रियों की समिति बना दी है वहीं विपक्षी नेता भी एक साथ आकर ताल ठोंकते दिख रहे है ।

सत्ता के गलियारें में चल रहे माथापच्ची से अलग अब तक 6 लोगों ने इस पद के लिए अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया है । लेकिन सबसे दिलचस्प नामांकन किया है मुंबई के पटेल दंपत्ति ने । पटेल दंपति ने नामांकन दाखिल करने के बाद कहा कि यदि उनमें से कोई एक राष्ट्रपति बन जाए और दूसरा उप-राष्ट्रपति तो यह अच्छा रहेगा। मतलब पति राष्ट्रपति बनना चाहता है और पत्नी उप-राष्ट्रपति ।

मुंबई के पटेल दंपति सायरा बानो और मोहम्मद पटेल सहित छह लोगों ने बुधवार को राष्ट्रपति चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के पहले दिन अपना पर्चा दाखिल किया। इन दोनों के अलावा तमिलनाडु के के. पद्मराजन, मध्य प्रदेश के आनंद सिंह कुशवाहा, तेलंगाना के ए. बाला राज और पुणे के कोंडेकर विजयप्रकाश ने भी अपना नामांकन-पत्र दाखिल किया।

हालांकि, इन सभी का नामांकन रद्द होना तय है क्योंकि इनमें से किसी ने भी निर्वाचक मंडल में से 50 प्रस्तावकों और प्रस्ताव के इतने ही समर्थकों के दस्तखत की अनिवार्य शर्त पूरी नहीं की है । आपको बता दे कि लोकसभा, राज्यसभा और राज्यों की विधानसभों के निर्वाचित सदस्य राष्ट्रपति चुनाव के निर्वाचक मंडल में शामिल होते हैं।

इसे भी पढ़ें :  पूर्व प्रधानमंत्री अटलजी की पहली पुण्यतिथि आज, राष्ट्रपति- PM समेत तमाम दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि