हार के बाद कांग्रेस में इस्तीफों का दौर जारी, अब तक 13 नेताओं ने भेजा अपना इस्तीफा

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की करारी हार के बाद से कांग्रेस में एक के बाद एक इस्तीफों की पेशकश का दौर चल रहा है। पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस्तीफे की पेशकश की और अब राज्य प्रदेश प्रभारी इस्तीफा ऑफर कर रहे हैं। आलम यह है कि असम से लेकर पंजाब और मध्य प्रदेश से लेकर राजस्थान तक के दिग्गज नेता पद से इस्तीफे की बात कर चुके हैं। अब तक विभिन्न प्रदेशों के 13 वरिष्ठ नेताओं ने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष के पास भेज दिया है। उधर, राहुल को लेकर तरह-तरह की अटकलें चल रही हैं। हालांकि राहुल के इस्तीफे की पेशकश के बाद कांग्रेस पार्टी ने अभी चुप्पी साध रखी है, लेकिन बताया जा रहा है कि राहुल अब भी अपने इस्तीफे पर अड़े हुए हैं। खबरें तो यहां तक है कि राहुल ने कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं से मिलकर अपना रिप्लेसमेंट खोजने तक को कह दिया है।

 

कांग्रेस अध्यक्ष के रास्ते पर चलते हुए अब तक 13 बड़े नेताओं ने इस्तीफे की पेशकश की है। महाराष्ट्र में पार्टी के प्रभारी अशोक चव्हाण ने लोकसभा चुनाव नतीजों के अगले ही दिन इस्तीफा देने की बात कही थी। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़, झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार और असम कांग्रेस अध्यक्ष रिपुन बोरा ने सोमवार को अपने इस्तीफे कांग्रेस अध्यक्ष को भेज दिए हैं। इससे पहले राज बब्बर और कमलनाथ ने भी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देने की बात कही थी। झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार और असम कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा ने भी निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष को भेजा है। इसके अलावा कई अन्य क्षेत्रों से भी पार्टी के विभिन्न पदों से कांग्रेस नेताओं ने निराशाजनक प्रदर्शन के कारण इस्तीफे दिए हैं। ओडिशा कांग्रेस अध्यक्ष निरंजन पटनायक भी इस्तीफे की पेशकश कर चुके हैं।

इसे भी पढ़ें :  कर्नाटक के नाटक का सच by Santosh Pathak