भारत में मिला नया अनोखा ब्लड ग्रुप, कर्नाटक से सामने आया है यह अनोखा मामला

प्रतीकात्मक चित्र (सोशल मीडिया)

भारत के कर्नाटक राज्य से एक अनोखा मामला निकल कर सामने आया है। यहां एक महिला में एक ऐसा ब्लड ग्रुप मिल गया है जो इससे पहले कभी नहीं पाया जाता था। इस नए, अनोखे और अत्यंत दुर्लभ ब्लड ग्रुप को ‘CRIB’ का नाम दिया गया है।

दरअसल, कर्नाटक के कोलार जिले में एक महिला को कार्डियक अरेस्ट के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर डॉक्टरों ने उसका ब्लड ग्रुप चेक करने के लिए सैंपल लैब भेजा। लैब असिस्टेंट की जांच में जो रिपोर्ट सामने आई उसने सभी को हैरान कर दिया। हार्ट की सर्जरी के लिए भर्ती कराई गई महिला का ब्लड ग्रुप O RH+ था, जो कि आम है। लेकिन कोई भी O पॉजिटिव ब्लड यूनिट उसके ब्लड से मैच नहीं हुआ। इसके बाद गहन जांच के लिए ब्लड सैंपल को रोटरी बैंगलोर टीटीके ब्लड सेंटर भेजा गया। लैब ने जब एडवांस्ड सेरोलॉजिकल तकनीकों से जांच की, तो पता चला कि महिला का रक्त “पैनरिएक्टिव” है, यानी यह किसी भी सामान्य रक्त सैंपल से मेल नहीं खा रहा था। इससे संदेह हुआ कि यह कोई दुर्लभ या अब तक अज्ञात रक्त समूह हो सकता है। यहां तक कि उसके अपने परिवार के 20 लोगों के ब्लड सैंपल से भी उसका ब्लड ग्रुप मैच नहीं हुआ।

इसके बाद, डॉक्टरों ने कर्नाटक की उस 38 वर्षीय महिला में एक ऐसे ब्लड ग्रुप की पहचान की, जो अब तक दुनिया में कहीं भी दर्ज नहीं हुआ है।  CRIB नाम में “CR” का मतलब है Cromer (एक मौजूदा रक्त समूह प्रणाली), और “IB” का मतलब है India-Bangalore, जहां इस खोज की शुरुआत हुई। यह नया एंटीजन क्रोमर ब्लड ग्रुप सिस्टम का हिस्सा है। जून 2025 में मिलान, इटली में आयोजित इंटरनेशनल सोसायटी ऑफ ब्लड ट्रांसफ्यूजन (ISBT) की 35वीं रीजनल कांग्रेस में इस खोज की आधिकारिक घोषणा की गई।

इसे भी पढ़ें :  राम मंदिर के उद्घाटन की आ गई तारीख- पीएम मोदी 22 जनवरी,2024 को करेंगे रामलला की प्राण प्रतिष्ठा