राज ठाकरे ने उद्धव के घर जाकर दी जन्मदिन की बधाई- 6 साल बाद मातोश्री में मिले दोनों भाई

महाराष्ट्र की राजनीति में दो भाई एक बार फिर से साथ आते हुए नजर आ रहे हैं। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के चीफ राज ठाकरे ने रविवार को उद्धव ठाकरे के घर जाकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। उद्धव को जन्मदिन की बधाई देने के लिए राज 6 साल बाद उद्धव ठाकरे के घर मातोश्री पहुंचे।

भाई के घर आने से गदगद उद्धव ठाकरे ने अपने चचेरे भाई राज को विशेष तौर पर धन्यवाद देते हुए कहा कि,” राज मेरे जन्मदिन पर यहां आए और मुझे शुभकामनाएं दीं यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है। उनके आने से मेरी खुशी दोगुनी हो गई है।”

बताया जा रहा है कि, राज ठाकरे ने सुबह बाला नंदगांवकर के फोन से संजय राउत को फोन करके कहा कि वह मातोश्री आ रहे हैं। इसके बाद संजय ने यह बात उद्धव को बताई। इसके बाद राज ठाकरे सीधे मातोश्री पहुंचे जहां पर दरवाजे पर खड़े उद्धव ने उनका स्वागत किया।मातोश्री पहुंचकर राज ठाकरे ने शिवसेना (UBT) के मुखिया उद्धव ठाकरे को गले लगाया और बुके देकर जन्मदिन की बधाई दी।

https://x.com/RajThackeray/status/1949380927043633400?t=DsN4ePwfG_FxrsaThCzONg&s=19

आपको बता दें कि, इससे पहले आखिरी बार राज ठाकरे 6 साल पहले वर्ष 2019 में मातोश्री गए थे। उन्होंने उस समय उद्धव परिवार को अपने बेटे अमित की शादी में आने का न्योता दिया था। वहीं, औपचारिक रूप से राज 2012 में मातोश्री गए थे। उस समय बालासाहेब ठाकरे बीमार थे।

इससे पहले 5 जुलाई को 20 साल बाद उद्धव और राज, दोनों भाई मुंबई के वर्ली डोम में एक रैली के दौरान साथ नजर आए थे। इस मौके पर दोनों की तरफ से आगे साथ मिलकर राजनीति करने के संकेत भी दिए गए थे।

इसे भी पढ़ें :  भारत ने आईटीबी - बर्लिन में ‘सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शक पुरस्कार’ जीता