प्रियंका गांधी बनेंगी राज्यसभा सांसद – राजस्थान और छत्तीसगढ़ में किसका पलड़ा भारी?

देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस की तरफ से एक बड़ी ख़बर निकल कर सामने आ रही है। राहुल गांधी के एक बार फिर से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की कमान संभालने से इंकार करने के बाद पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की खोज तो पहले से ही लगातार जारी है लेकिन इस बीच प्रियंका गांधी को लेकर बड़ी ख़बर सामने आ रही है।

कांग्रेस के सूत्र यह बता रहे हैं कि राष्ट्रीय राजनीति में प्रियंका गांधी का कद बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। इस मकसद को हासिल करने के लिए प्रियंका को राज्य सभा भेजने की तैयारी की जा रही है।

बताया जा रहा है कि हाल ही में प्रियंका गांधी से मुलाकात के दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उन्हें राज्यसभा जाने की सलाह दी थी। कांग्रेस के दिग्गज नेता गहलोत ने प्रियंका गांधी से कहा कि उन्हें संसद के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी सक्रिय होना चाहिए, बड़ी भूमिका निभानी चाहिए।

आपको बता दें कि वर्तमान में प्रियंका गांधी वाड्रा पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी है। इस नाते प्रियंका गांधी लगातार उत्तर प्रदेश में सक्रिय दिखाई भी देती हैं। लेकिन सोनिया गांधी की अस्वस्थता और राहुल गांधी द्वारा पार्टी की कमान संभालने से इंकार करने के बाद अब कांग्रेस का एक बड़ा तबका चाहता है कि प्रियंका गांधी राष्ट्रीय राजनीति में भी सक्रियता बढ़ाए।

इस बीच खबर ये भी आ गई कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी प्रियंका गांधी से अपील की है कि वो आदिवासी राज्य छत्तीसगढ़ की सांसद के रूप में राज्यसभा जाए। बघेल का यह तर्क है कि इससे देश के कई राज्यों में कांग्रेस को फायदा होगा।

इसे भी पढ़ें :  नीतीश कुमार ने यौन संबंधों को लेकर दिए गए अपने बयान के लिए माफी मांगी

जाहिर है कि अब यह प्रियंका गांधी को स्वयं तय करना है कि वो छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद बने या राजस्थान से। दोनों प्रदेशों में कांग्रेस की सरकार है और राज्यसभा भेजने लायक पर्याप्त विधायक भी। हालांकि कांग्रेस के उच्च स्तरीय सूत्र बता रहे हैं कि प्रियंका छत्तीसगढ़ से राज्यसभा जाएंगी यानि यह बाजी भूपेश बघेल के हाथ लगने जा रही है ।