काम किया है तो लोगो को पता भी लगना चाहिए – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

वाराणसी। काशी में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री को सुशासन का संदेश देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ-साफ कहा कि जनता के जीवन स्तर को सुधारने और बेहतर बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी सरकारों को ‘ मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस’ के सिद्धांत के साथ काम करना चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी मुख्यमंत्रियों को संदेश दिया कि काम किया है तो दिखना भी चाहिए और जनता को पता भी लगना चाहिए। प्रधानमंत्री का इशारा अपने मुख्यमंत्रियों के लिए बिल्कुल स्पष्ट था कि अगर आपने काम किया है तो उसका प्रचार-प्रसार करने में संकोच नहीं करना चाहिए।

बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी में भाजपा शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुशासन , विकास , जनकल्याण, सरकारी कामकाज में टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल, एक जिला एक उत्पाद, युवाओं और महिलाओं का सशक्तिकरण जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों को साझा किया।

बताया जा रहा है कि बैठक में सभी मुख्यमंत्रियों ने अपने-अपने सरकार के कामकाज और उपलब्धियों को लेकर एक प्रेजेंटेशन भी पेश किया।

 

बैठक को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी संबोधित किया। नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लगातार जीत की बात करते हुए दावा किया कि भाजपा और सुशासन एक दूसरे का पर्यायवाची बन चुके हैं और अब भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो अपने कामकाज के बल पर जनादेश प्राप्त करती है।

इसे भी पढ़ें :  कोरोना संकट के समय CRPF जवानों ने भी बढ़ाये हाथ- देशभर में लोगों की कर रहे हैं मदद