जेडीयू कार्यकर्ता सम्मेलन आज,CM नीतीश कुमार अपने जन्मदिन पर करेंगे चुनावी अभियान का आगाज

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर तमाम राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान से चुनावी अभियान का आगाज करने जा रहे हैं। जनता दल यूनाइटेड के रविवार को हो रहे कार्यकर्ता सम्मेलन में 2 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा किया जा रहा है।

आपको बता दें कि आज यानि 1 मार्च को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जन्मदिन भी है। यह दूसरा मौका है जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिन पर जदयू इस तरह के सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। इससे पहले 2015 में भी उनके जन्मदिन के मौके पर राज्य स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया था।

69 वें जन्मदिन पर करेंगे चुनावी अभियान का श्रीगणेश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने 69वें जन्मदिन पर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान से लगातार चौथी बार सरकार बनाने के चुनावी अभियान का श्रीगणेश करेंगे। नीतीश कुमार अपने जन्मदिन पर पटना आए 2 लाख से ज्यादा कार्यकर्ताओं को जीत का गुरुमंत्र देंगे। सम्मेलन में नीतीश कुमार बिहार में NDA सरकार को 200 से ज्यादा सीटों पर जीत दिलाने की रणनीति का खुलासा तो करेंगे ही साथ ही अपने कार्यकर्ताओं को यह भी बताएंगे कि वो राज्य सरकार के कामकाज को लेकर कैसे जनता के बीच जाएं।

संगठन , कार्यकर्ता और चुनावी महाभारत

जदयू के इस कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए सभी बूथ अध्यक्षों, सचिवों, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को राजधानी पटना बुलाया गया है। जदयू प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह 2 लाख से ज्यादा कार्यकर्ताओं के आने का दावा कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ें :  देवरिया पुलिस ने कमाल कर दिया,151 मोबाइल को असली मालिकों को सौंप दिया

शनिवार शाम से ही कार्यकर्ताओं का पटना आना शुरू हो गया था। इनको राजधानी में मंत्रियों, विधायकों और MLC के घरों पर ठहराया गया है।  पटना के सभी चौक – चौराहे पोस्टरों से पटे पड़े हैं। राज्यसभा में जदयू के नेता आरसीपी सिंह, प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, MLC डॉ रणवीर नंदन सहित पार्टी के कई अन्य नेता रैली की व्यवस्थाओं को देख रहे हैं।

रैली में नीतीश क्या बोलेंगे, इसपर पार्टी कार्यकर्ताओं से ज्यादा सहयोगी भाजपा और विरोधी आरजेडी नेताओं की नजरें रहेंगी।