दिल्ली भाजपा में बड़े बदलाव के संकेत – गौतम गंभीर को मिलने जा रही है बड़ी जिम्मेदारी !

By संतोष पाठक, वरिष्ठ पत्रकार

भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , गृह मंत्री और पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह एवं वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में लगातार एक के बाद एक राज्यों में विजय हासिल करती जा रही है या फिर अपना जनाधार बढ़ाती जा रही है। 2017 में देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में पार्टी का 14 वर्षों का वनवास खत्म करने की बात हो या फिर हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधान सभा चुनाव में नंबर 2 पार्टी बनने की बात , भाजपा हर जगह कामयाबी की नई कहानी लिखती जा रही है।

 

लेकिन जिस दिल्ली में प्रधानमंत्री के तौर पर भाजपा के सबसे लोकप्रिय नेता नरेन्द्र मोदी रहते हैं, उस दिल्ली की विधानसभा में भाजपा 1998 से लगातार विपक्ष में ही बैठ रही है। पहले शीला दीक्षित भाजपा को हराया करती थी और 2013 के बाद से अरविंद केजरीवाल भाजपा को जीतने नहीं दे रहे हैं। दिल्ली में जीत हासिल करने के लिए भाजपा लगातार अपने चेहरे को भी बदलती रही है लेकिन हालात में कोई बदलाव नहीं आ रहा है।

 

 

गौतम गंभीर को बनाया जाएगा दिल्ली भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष !

 

एक जमाने में फिल्मी दुनिया से राजनीति में आए अपने सांसद मनोज तिवारी पर बड़ा दांव लगाते हुए भाजपा के आला नेताओं ने उन्हे अरविंद केजरीवाल के सामने खड़ा करने की कोशिश की थी लेकिन तिवारी नाकाम रहे। अब भाजपा इंडिया को वर्ल्ड कप जिताने वाले पूर्व अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर और दिल्ली से वर्तमान सांसद गौतम गंभीर पर बड़ा दांव लगाने जा रही है। दरअसल, भाजपा हर कीमत पर दिल्ली के सभी नगर निगमों में अपनी सत्ता बचाए रखना चाहती है , जहां वो लगातार जीत हासिल कर रही है। भाजपा आलाकमान को यह समझ आ गया है कि अगले साल होने जा रहे नगर निगम के चुनाव में भाजपा का मुकाबला थकी-हारी कांग्रेस से नहीं बल्कि जोश से भरी आम आदमी पार्टी से ही होने जा रहा है। ऐसे में जीत हासिल करने के लिए अरविंद केजरीवाल के सामने कोई लोकप्रिय चेहरा ही देना होगा।

इसे भी पढ़ें :  G20 Summit -बड़ी चुनावी जीत के बाद मोदी का पहला बड़ा कूटनीतिक दौरा

 

 

 

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा आलाकमान ने दिल्ली में गौतम गंभीर को बड़ी जिम्मेदारी देने का मन बना लिया है और जल्द ही इसका ऐलान हो सकता है। अगस्त महीने की शुरूआत में ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गौतम गंभीर से मुलाकात की थी। इसके अगले दिन गंभीर ने भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष से भी मुलाकात की। कुछ ही दिनों बाद गृह मंत्री अमित शाह ने जेपी नड्डा और गौतम गंभीर दोनों से एकसाथ मुलाकात की। सोमवार , 9 अगस्त को भी गौतम गंभीर ने पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष से एक बार फिर मुलाकत की। इन मुलाकातों के बाद से ही दिल्ली भाजपा में बड़े बदलाव और गौतम गंभीर को बड़ी जिम्मेदारी मिलने के कयास लगाए जा रहे हैं।

 

 

भाजपा सूत्रों की माने तो दिल्ली में होने जा रहे नगर निगम चुनाव से पहले पार्टी प्रदेश अध्यक्ष में बदलाव कर सकती है। आपको बता दें कि वर्तमान में आदेश गुप्ता भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हैं। विधानसभा चुनाव में मिली हार की जिम्मेदारी लेते हुए तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी द्वारा इस्तीफे की पेशकश करने के बाद आदेश गुप्ता को दिल्ली भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। ।