अनेकता में एकता को दर्शाने वाला एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान आज से देशभर में शुरू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी परियोजना एक भारत श्रेष्ठ भारत को लेकर आज से देशभर में अभियान शुरू हो गया है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा आयोजित यह अभियान देश भर में अगले 18 दिनों तक चलाया जाएगा। देशभर में सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देने के मकसद से शुरू किया गया यह अभियान 28 फरवरी , 2020 तक जारी रहेगा।

आपको बता दें कि एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान की शुरूआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर वर्ष 2015 में की थी। देश के पहले गृह मंत्री सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती ( 31 अक्टूबर ) को देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के लिए ही विभिन्न राज्यों के बीच सांस्कृतिक संपर्क को बढ़ाने का पूरा खाका तैयार किया गया ।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य देश के सभी 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच ऐतिहासिक और गहरे रचनात्मक संपर्कों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देना है। दरअसल , एक भारत श्रेष्ठ भारत के एजेंडे के अनुसार भारत विविधता में एकता का देश है। यहां एक राष्ट्र की अवधारणा सांस्कृतिक विविधता पर आधारित है।

इस अभियान के तहत राष्ट्रीय एकता की भावना का मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार प्रत्येक वर्ष दो राज्यों का जोड़ा बना देती है। इसके बाद उन दोनों राज्यों के बीच भाषा , संस्कृति और विद्यार्थियों के स्तर पर एक दूसरे के राज्यों में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है ताकि विद्यार्थी दूसरे राज्यों की संस्कृति से भी अवगत हो सकें।

इसे भी पढ़ें :  किसान आंदोलन -राहुल गांधी, शरद पवार, सीताराम येचुरी, डी राजा सहित 5 विरोधी नेता बुधवार को करेंगे राष्ट्रपति कोविंद से मुलाकात

इस वर्ष जम्मू कश्मीर को तमिलनाडु के साथ , पंजाब को आंध्र प्रदेश , उत्तराखंड को कर्नाटक , हिमाचल प्रदेश को केरल , दिल्ली को सिक्किम और राजस्थान को असम के साथ जोड़ा गया है। इस तरह की जोड़ी का सबसे बड़ा लाभ होता है राष्ट्रीय एकता की भावना का लगातार मजबूत होना। लोगों को यह पता लगता है कि भले ही भाषा , बोली , संस्कृति , रहन-सहन के तौर-तरीकों को लेकर उनके बीच कई विविधताएं हो लेकिन इसके बावजूद कुछ तो ऐसा है जो उनके बीच एक बंधन का काम करता है और भारत को एक राष्ट्र के रूप में मजबूत बनाता है।

इस कार्यक्रम के जरिये हर राज्य और केंद्रशासित प्रदेश अपनी समृद्ध संस्कृति , विरासत , खान-पान , हस्तकलाओं और रीति-रिवाजों के बारे में दूसरे राज्यों के विद्यार्थियों को बताता है , समझाता है और उनकी पहचान को जानने की समझने की कोशिश करता है।