रांची के 3 हजार घरों में पाइप लाइन से पहुंचने लगा गैस, 15 महीनें में ही पूरा हुआ प्रोजेक्ट

झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास और केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने धुर्वा के प्रभात तारा मैदान में सिटी गैस पाइप लाइन योजना की शुरुआत की. इसके साथ ही दोनों ने 3 सीएनजी रिफीलिंग स्टेशनों का भी उद्घाटन किया. इस मौके पर उज्ज्वला योजना को लेकर भी किया गया महत्वपूर्ण ऐलान.

झारखंड की राजधानी रांची में आज से पाइप लाइन के जरिये घरों में गैस -Piped Natural Gas पहुंचने लगा है. इसके साथ ही सीएनजी -CNG से चलने वाली गाड़ियां भी सड़कों पर दौड़ने लगी हैं. फिलहाल रांची के डोरंडा, ओरमांझी और मधुकम में सीएनजी रिफीलिंग सेंटर खोले गये हैं.

धुर्वा के प्रभात तारा मैदान में सिटी गैस पाइप लाइन योजना की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार की वजह से ही सिर्फ 15 महीनें में 3 हजार घरों तक पाइप से गैस पहुंचाने की योजना साकार हो पाई है .

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राज्य को सौगात देते हुए चतरा में इस्पात कारखाना खोलने की घोषणा की. इसके साथ ही उन्होने सिंदरी के कारखाने को सीएनजी से चलाने की भी बात कही.

सखी मंडल की महिलाएं करेंगी बिल कलेक्शन का काम

केद्रीय मंत्री ने राज्य सरकार की तारीफ करते हुए दावा किया कि रांची के डेढ़ लाख घरों में पाइप लाइन के माध्यम से गैस पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होने बताया कि GAIL कंपनी के लिए गैस के बिल कलेक्शन का काम प्राइवेट एजेंसी नहीं, बल्कि स्वंय सहायता समूह ( सखी मंडल ) की दीदियां करेंगी. जिसके बदले में उन्हें हर महीने कमाई होगी.

झारखंड के 13 जिलों में घर-घर तक गैस पहुंचाने की है योजना

आपको बता दें कि राज्य में गैस की पाइप लाइन 16 जिलों से होकर गुजरती है. इनमें से रांची समेत 13 जिलों में पाइप लाइन के जरिये सीधे किचन तक Piped Natural Gas पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है. इस पर लगभग साढ़े चार सौ करोड़ रूपए खर्च होने का अनुमान है.

इसे भी पढ़ें :  Dr. Ashutosh Karnatak assumes charge as Chairman & Managing Director, GAIL

उज्ज्वला योजना में महिलाओं को नई सौगात

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि गरीब महिलाओं की समस्याओं को समझते हुए राज्य सरकार लाखों महिलाओं को दूसरे सिलेंडर का रिफिल भी मुफ्त देने की शुरुआत कर रही है . केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि झारखंड देश का पहला ऐसा राज्य है जो सिलेंडर के साथ चूल्हा भी देता है और अब राज्य सरकार दूसरी रिफिल भी मुफ्त देकर गरीब महिलाओं की मदद कर रही है .