कैंसर से जंग जीत कर दिल्ली लौटे अनिल बलूनी ने अमित शाह से की मुलाकात

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी कैंसर से लंबी चली लड़ाई जीत कर दिल्ली लौट आए हैं। अनिल बलूनी अपने साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर ही साढ़े 4 महीने तक चली इस लड़ाई को जीत पाए हैं।

दिल्ली लौटने के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता बलूनी ने सोशल मीडिया पर महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए अपने वापस लौटने की जानकारी दी। उन्होंने अपने तमाम शुभचिंतकों का शुक्रिया भी अदा किया। दिल्ली आने के बाद उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर अपने स्वास्थ्य की जानकारी दी। वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत , प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने बलूनी के दिल्ली आवास पर जाकर उनका हाल-चाल लिया।

अनिल बलूनी कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे। लंबे समय तक उनका इलाज मुंबई के कोकिलाबेन कैंसर अस्पताल में चला। इस दौरान बलूनी के शुभचिंतक लगातार उनके स्वस्थ होने की दुआ कर रहे थे। कैंसर की जंग जीत कर युवाओं के लिए मिसाल बन चुके पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह और फिल्म अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने भी इलाज के दौरान अस्पताल जाकर उनकी हिम्मत बढ़ाई थी।

अपने दृढ़ संकल्प , साहस और इच्छाशक्ति के बल पर ही अनिल बलूनी स्वस्थ होकर वापस लौट पाए हैं। निश्चित तौर पर उनकी यह दृढ़ इच्छाशक्ति कैंसर की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए प्रेरणा का काम करेंगी।

Positive Khabar अनिल बलूनी की लंबी और स्वस्थ जीवन की कामना करता है।

इसे भी पढ़ें :  The Demystified Initiative - Towards an Inclusive Future