तेजस्वी यादव के घर पर महागठबंधन की बैठक- बिहार चुनाव को लेकर बन गया यह बड़ा प्लान, राहुल भी तैयार

File Photo

बिहार में एकजुट होकर राज्य की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना बना रहे आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के पटना स्थित आवास पर इंडिया गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में राज्य की नीतीश सरकार को घेरने के साथ-साथ विपक्षी गठबंधन को मजबूत बनाने के तौर-तरीकों पर भी चर्चा हुई।

बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने बताया कि आज की बैठक में यह तय किया गया है कि राखी के बाद बड़े नेता बिहार की सड़कों पर उतरेंगे। बताया जा रहा है कि बिहार में चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे SIR अभियान के खिलाफ राहुल गांधी बिहार में लगातार 5 दिनों तक यात्रा कर सकते हैं। तेजस्वी यादव समेत बिहार में इंडिया गठबंधन में शामिल तमाम राजनीतिक दलों के दिग्गज नेता भी इस यात्रा में शामिल होंगे। इस यात्रा का विस्तृत रूट मैप भी जल्द ही तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही विपक्षी गठबंधन ने बिहार के हर जिले के मंडल स्तर तक जाकर रैली करने का भी फैसला किया है।

बैठक के बाद तेजस्वी यादव ने कैग कि रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि CAG की रिपोर्ट में कहा गया है कि बिहार सरकार 71,000 करोड़ रुपए के खर्च का ब्योरा नहीं दे सकी। यह आंकड़ा लगभग 80,000 करोड़ रुपए है और यह एक बड़ा घोटाला है। राज्य में अब तक 100 से अधिक हत्याएं हो चुकी हैं और सीएम अभी भी बेहोश हैं। उन्होनें कहा कि इस मुद्दे को लेकर हम लोग जनता के बीच जाएंगे। इसे लेकर आज बैठक में चर्चा हुई है।

इसे भी पढ़ें :  कोरोना लॉकडाउन- पूर्व केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा की अनोखी पहल

चुनाव आयोग के अभियान की कड़ी आलोचना करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि, “ नीतीश बाबू के सरकार में फर्जी डॉग बाबू, सोनालिका ट्रैक्टर और सनी लियोनी का आवासीय प्रमाणपत्र बन सकता है, ऐसी फर्जी सरकारी व्यवस्था द्वारा निर्गत फर्जी आवासीय प्रमाणपत्र को मतदाता सत्यापन के लिए मान्य माना जा सकता है पर असली आधार कार्ड या अन्य प्रमाणपत्रों के आधार पर किसी असली बिहारवासी मतदाता का असली मतदाता प्रमाणपत्र नहीं बन सकता! यही है चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण की वास्तविकता! ”

वहीं, कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने कहा कि इंडिया गठबंधन की यह बैठक नियमित आधार पर हो रही है, और चुनाव से जुड़ी हर चीज पर चर्चा की जा रही है। सीट बंटवारे से लेकर प्रचार तक, हर चीज पर चर्चा होगी। इस बार कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के सभी दलों ने 243 सीटों पर लड़ने का फैसला किया है।

हालांकि बैठक में वीआईपी नेता मुकेश सहनी के शामिल नहीं होने को लेकर भी कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि बिहार चुनाव से पहले मुकेश सहनी ने तेजस्वी को बड़ा झटका दे दिया है। मुकेश सहनी महागठबंधन की बैठक में नहीं पहुंचे हैं जिससे अब कई राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं। मुकेश सहनी के दिल्ली में होने की बात कही जा रही है।