सोनिया गांधी और मायावती को मिलेगा भारत रत्न ?

रिकार्ड समय तक कांग्रेस की अध्यक्षा का पदभार संभालने वाली कांग्रेस की वर्तमान अंतरिम अध्यक्षा सोनिया गांधी और बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती को भारत रत्न मिलना चाहिए। यह मांग देश के एक पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय राजनीति के कद्दावर नेता ने की है।

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री , मनमोहन सरकार में कई मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके और वर्तमान में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत ने ट्वीट करके भारत सरकार से मांग की है कि इस वर्ष का भारत रत्न पुरस्कार सोनिया गांधी और मायावती को दिया जाना चाहिए।

हरीश रावत ने ट्वीट करते हुए लिखा,

“सोनिया जी ने भारतीय महिला की गरिमा और सामाजिक समर्पण व जनसेवा के मापदंडों को एक नई ऊंचाई प्रदान की है। सुश्री मायावती जी ने वर्षों से पीड़ित-शोषित लोगों के मन में एक अद्भुत विश्वास का संचार किया है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए हरदा ने ट्वीट किया कि सोनिया गांधी व बहन मायावती , दोनों प्रखर राजनैतिक व्यक्तित्व हैं। आप उनकी राजनीति से सहमत और असहमत हो सकते हैं, मगर इस तथ्य से आप इनकार नहीं कर सकते हैं कि आज उन्हें भारत की नारीत्व का गौरवशाली स्वरूप माना जाता है। उन्होने मांग की कि भारत सरकार को चाहिये कि इन दोनों व्यक्तित्वों को इस वर्ष का भारत रत्न देकर अलंकृत करें।

File Photo

किस तरह के व्यक्तित्व को मिलता है भारत रत्न ?

आपको बता दें कि भारत रत्न देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। यह सम्मान असाधारण राष्ट्रीय सेवा के लिए दिया जाता है। सामान्य तौर पर यह सम्मान कला, साहित्य, विज्ञान, सार्वजनिक सेवा और खेल के क्षेत्र में असाधारण कार्य करने वाले व्यक्तियों को दिया जाता है। हालांकि पहले इसमें खेल को जोड़ा नहीं गया था। खेल के क्षेत्र को बाद में इस सूची में शामिल किया गया था।

इसे भी पढ़ें :  PM Modi and Sonia Gandhi condemns attack in Manchester

दरअसल , इस सम्मान की स्थापना 2 जनवरी 1954 को भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद द्वारा की गई थी।